विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ
U- 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक जनजागरण संगोष्ठियों द्वारा देश को जागरूक किया जाएगा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि देश के संकल्पित विकास हेतु तथा दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती (25 सितंबर) से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती (25 दिसंबर) तक “विकसित भारत संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से जनजागरण संगोष्ठियों, सामूहिक कार्यक्रमों, बैठक एवं विभिन्न प्रकार के संवादात्मक मंचों के द्वारा जनता के बीच पार्टी की योजनाओं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की उपलब्धियों एवं विकास के संकल्प को व्यापक रूप से पहुँचाया जाएगा।
प्रकाश पाल ने कहा कि यह अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देशवासियों को विकास के साथ जोड़ने का एक सामूहिक प्रयास है। हम इस अभियान के माध्यम से जनता के बीच जागरूकता बढ़ाएंगे, उनके सवालों का समाधान करेंगे, और उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प से जोड़ेंगे।
इस अभियान को और भी प्रभावी बनाने हेतु भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि अभियान के समुचित संचालन हेतु महिला आयोग की सदस्य एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता गुप्ता को क्षेत्रीय संयोजक तथा भाजपा कानपुर उत्तर के निवर्तमान जिला अध्यक्ष श्री दीपू पांडे को सह संयोजक के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि आगामी दो दिनों में कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी 17 जिलों के संयोजक और सह संयोजक नियुक्ति कार्य पूर्ण कर दिए जाएंगे, ताकि अभियान को एक सुनियोजित एवं प्रभावशाली तरीके से जनता के बीच लागू किया जा सके।
भाजपा का यह अभियान सामाजिक एकता, विकास की गति को जन-जन तक पहुंचाने तथा देशवासियों को विकास की दिशा में प्रेरित करने हेतु महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।