फेस अटेंडेंस मशीन की तकनीकी खामी में उलझे नगर निगम के कई कर्मचारी
U-कर्मचारी नेताओं की मांग पर नगर आयुक्त ने दो दिन में वेतन जारी के दिए निर्देश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। कानपुर नगर निगम कर्मचारी संघ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर कर्मचारियों का वेतन अब तक जारी न होने का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की आर्थिक परेशानियों से अवगत कराते हुए तत्काल वेतन भुगतान की मांग रखी।
नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर नगर आयुक्त आवेश खान को तत्काल प्रभाव से सभी कर्मचारियों का वेतन आज ही जारी करने के निर्देश दिए। आदेश जारी होते ही कर्मचारियों में राहत की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर कर्मचारी नेताओं ने नगर आयुक्त के प्रति आभार व्यक्त करते हुए फेस अटेंडेंस प्रणाली में आ रही तकनीकी खामियों की ओर ध्यान दिलाया। नेताओं ने बताया कि फेस अटेंडेंस सही ढंग से कार्य नहीं कर रहा है, जिससे कर्मचारियों को अनावश्यक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द इस व्यवस्था में सुधार की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में कर्मचारी संघ अध्यक्ष मुत्रा हजारिया, महामंत्री रमाकांत मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीलू निगम, पूर्व अध्यक्ष देवीदीन भाऊ, उपाध्यक्ष नरेंद्र खत्रा, उपाध्यक्ष रामगोपाल चौधरी, संजय हजारिया, रवि सिंह, पप्पू गुप्ता, संजय मौर्य, दिलीप तांबे, संतोष वाघमार शामिल रहे। इसके अलावा नगर निगम कर्मचारी यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष कमरुद्दीन, सेनेटरी सुपरवाइजर संघ के महामंत्री उस्मान अली खान, चतुर्थ श्रेणी यूनियन के अध्यक्ष धीरज वाल्मीकि, सफाई मजदूर सभा कानपुर के अध्यक्ष सी एल बड़ेल, आदेश शुक्ला सहित अन्य कर्मचारी नेता भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
नगर निगम में तत्कालीन नगर आयुक्त शिव शरणाप्पा जीएन कार्यकाल में कर्मचारियों की उपस्थिति और हाजिरी सिंडिकेट को खत्म करने के लिए फेस अटेंडेंस सिस्टम शुरू किया गया था। इसके लिए करीब 2 करोड रुपए से अधिक खर्च कर सॉफ्टवेयर बनाया गया। जिससे मुख्यालय और सभी जोन में अटेंडेंस लग रही है लेकिन बताया यह जा रहा है फेस अटेंडेंस में खामिया और तकनीकी समस्याओं से कर्मचारियों को अक्सर परेशान होना पड़ता है, विभागीय सूत्रों का दावा है कि मृत कर्मचारियों को अनुपस्थित दिखाया जा रहा है। कई बार मशीन भी दगा दे जाती है।