महिला उत्पीड़न से संबंधित घटनाओं पर हुई समीक्षा बैठक |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l उत्तर प्रदेश की योगी सरकार महिलाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं का उन्हें लाभ दिलाने व महिला उत्पीड़न पर रोक लगाने व पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने को लेकर तत्पर है। सरकार का लगातार प्रयास है कि महिला अपराध पर लगाम लगाई जाए और महिलाओं को सुरक्षा देते हुए उन्हें न्याय दिलाया जाए। साथ ही सरकार के द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उन्हें लाभ दिलाया जाए। जिसके क्रम में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम कलेक्ट्रेट सभागार हमीरपुर में मंगलवार को महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी व उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता पहुंचीं। जहां पर उन्होंने सरकार की मंशा के अनुरूप महिला उत्पीड़न से संबंधित घटनाओं को लेकर अधिकारियों से समीक्षा की। वहीं महिला जनसुनवाई के दौरान अपनी अपनी शिकायत को लेकर पहुंची महिलाओं की फरियाद भी सुनी और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक रिजवाना शाहिद, डीपीओ राजीव सिंह सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।