मुख्यमंत्री से पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l कस्बे व आसपास के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को विदेश में अच्छी नौकरी का झांसा देकर भेजने और अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोपी एक कथित कबूतरबाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी है। पीड़ित युवक ने आरोपी के पाकिस्तानी एजेंटों से संपर्क होने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से मिलकर गिरफ्तारी और संपत्ति सीज करने की गुहार लगाई है। कस्बे के बड़ा चौराहा निवासी शिक्षित बेरोजगार युवक शमीम उद्दीन पुत्र फय्याज उद्दीन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहल्ला उपरौस निवासी सैफुल हयात ने क्षेत्र के कई युवाओं को विदेश भेजने के नाम पर ठगा और इस माध्यम से करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की है। पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपी के संबंध पाकिस्तानी एजेंटों से हैं। पीड़ित ने आरोपी की गिरफ्तारी और उसकी संपत्ति जब्त करने की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने मामले में संज्ञान लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज है, लेकिन पीड़ित कोतवाली आकर बयान नहीं दे रहा है और विभिन्न स्थानों पर शिकायत कर रहा है। उन्होंने कहा कि बयान दर्ज होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि मौदहा कोतवाली क्षेत्र में कबूतरबाजी के मामलों की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रहती हैं। हालांकि, स्थानीय स्तर पर सख्त कार्रवाई को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं।
|