दयाल दास बाबा आश्रम में भक्तों ने छका भण्डारा प्रसाद |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस बिवांर,हमीरपुर l कस्बा बिवांर में बीते सात फरवरी को दयालदास बाबा आश्रम में शुरू हुई विष्णुमहायज्ञ सोमवार के दिन विशाल भण्डारा के साथ संपन्न हो गई। पूरे दस दिनों तक कस्बा में उत्सव का माहौल रहा।यज्ञ में यज्ञाचार्य पंडित प्रशून शुक्ल ने विधिवत मंत्रोच्चारण कर यज्ञ में आहुतियां दिलाईं और यज्ञ कार्य सम्पन्न कराया। इस दौरान यज्ञ परिसर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन भी हुआ ,जिसे वृन्दावन धाम से आईं कथा व्यास देवी सत्यार्चा ने सुनाई।कथा में धुंधकारी उद्धार से लेकर ध्रुव चरित्र ,भक्त प्रह्लाद की कथा,कृष्ण जन्म ,भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं की कथा ,रुक्मिणी विवाह ,शिव विवाह ,सुदामा चरित्र और परीक्षत मोक्ष की कथा अत्यंत ही रोचक और भावपूर्ण ढंग से सुनाई श्रोता कथा सुनकर मंत्रमुग्ध हो गए।यज्ञ परिसर के पास भव्य मेला भी लगा रहा ,जिसमें महिलाओं ने जमकर खरीदारी की और बच्चों ने झूलों का आनन्द उठाया।रात के समय यज्ञ परिसर में रासलीला का भी आयोजन हुआ जिसमें दर्शकों ने भगवान कृष्ण और गोपियों के बीच निस्वार्थ और अलौकिक प्रेम का रसास्वादन किया।वहीं शिवरात्रि के दिन दयालदास बाबा आश्रम के शिव मंदिर से शिवबारात भी निकाली गई ,लगभग दो किलोमीटर लंबी शिवबारात में सजी झांकियों ने लोगों का खूब मन मोहा।वहीं सोमवार के दिन विशाल भण्डारा का आयोजन किया गया ,जिसमें कस्बा सहित क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद खाया।कार्यक्रम आयोजन में यज्ञ कमेटी अध्यक्ष जगदीश कुमार शुक्ल ,कोषाध्यक्ष अजीत अनुरागी ,वेदरत्न मिश्र ,शिवबारात कमेटी अध्यक्ष शिवकुमार पाठक ,राजेन्द्र सिंह सेंगर ,मृदुलकान्त पाठक ,रघुनाथ विश्वकर्मा ,हुनर यादव ,पहलवान यादव आदि का विशेष योगदान रहा।