डाॅ एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में राजस्व एवं विकास कार्यों की गई समीक्षा |
-राशन वितरण में किसी भी प्रकार की घटतौली एवं मिलावट की शिकायत न मिले आयुक्त |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l कलेक्ट्रेट स्थित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल बांदा, अजीत कुमार की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी घनश्याम मीना की उपस्थिति में राजस्व एवं विकास कार्यो की समीक्षा की गयी। समीक्षा के दौरान आयुक्त द्वारा फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण, अमृत सरोवरों की प्रगति, डिजिटल लाइब्रेरी, पशुपालन व गौवंश संरक्षण, मत्स्य पट्टा आवंटन, केसीसी, जल जीवन मिशन, राशन वितरण, 10 बड़े निर्माण कार्यो की प्रगति, जल संरक्षण, सीएम युवा उद्यमी योजना, आयुष्मान गोल्डन कार्ड, पुष्टाहार वितरण, पेयजल आपूर्ति, सिंचाई, धान खरीद, विद्युत विभाग, बेसिक शिक्षा, एसआईआर की प्रगति, राजस्व वादों के निस्तारण, पैमाइश, अंश निर्धारण, परवाना, वरासत आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गयी। इस अवसर पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि फार्मर रजिस्ट्री एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत सड़क निर्माण का कार्य 31 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करा दें। कार्य में तेजी लाते हुए यमुना एवं बेतवा पुल निर्माण का कार्य 06 माह में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। सरकार की योजनाओं का लाभ समस्त पात्र व्यक्तियों को अवश्य मिलना चाहिए। राशन वितरण में किसी भी प्रकार की घटतौली एवं मिलावट की शिकायत न मिले। कोटेदारों द्वारा राशन के साथ अतिरिक्त चीजें जबरदस्ती न दी जाएं। एसआईआर का काम त्रुटिरहित एवं समय से पूर्ण किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें, अन्यथा कार्यवाही होगी। बेसिक शिक्षा के अन्तर्गत सभी प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक गण प्रोजेक्टर व स्मार्ट बोर्ड का उपयोग कर शिक्षण कार्य सुगम व प्रभावी रूप से सुनिश्चित कराएं। भोजन पूरी साफ-सफाई के साथ बने और निर्धारित मीनू के अनुरूप उपलब्ध कराया जाए। विद्युत बिल उतना ही बनाया जाए जो जायज हो। कर्मचारी गण अनावश्यक रूप से लोगो को तंग न करें। ट्रॉसफार्मर खुले में न रहें, उन्हें सुरक्षित किया जाए। पुरानी विद्युत लाईनों को दुरूस्त कराया जाए। बोर्ड परीक्षाओं के केन्द्रों के कमरों में प्रकाश की प्रॉपर व्यवस्था होनी चाहिए। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत प्रत्येक गॉव में पेयजल की कोई समस्या न रहे। जनपद की सभी 331 गौशालाएं क्रियाशील रहें। छोटे-छोटे गौवंशों का विशेष ध्यान रखा जाए। गौशालाओं के केयर टेकर समय से काम करें। प्रत्येक गौशाला की विकास भवन स्थित कन्ट्रोल रूम से प्रभावी मॉनीटरिंग की जाए। जन आरोग्य योजना के तहत प्रत्येक पात्र व्यक्ति को आयुष्मान गोल्डन कार्ड उपलब्ध करा दिया जाए। इस दौरान आयुक्त द्वारा जनपद में मिशन जलोदय के अन्तर्गत किए गए चन्द्रावल पुनरोद्धार कार्य की सराहना व्यक्त की गयी। समीक्षा के दौरान सहायक विकास आयुक्त बॉदा, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी गण मौजूद रहे।