राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, क्षय रोगियों को वितरित की गई पोषण पोटली
*यूपीयूएमएस ने ग्राम पंचायत ‘वघुईया’ को लिया गोद
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के तत्वावधान में ग्राम पंचायत वघुईया के प्राथमिक विद्यालय में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के अंतर्गत एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा ग्राम पंचायत ‘वघुईया’ को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से गोद लेने की घोषणा भी की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित संकायाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. आदेश कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी, तेजी से वजन कम होना अथवा लगातार कमजोरी महसूस हो रही हो, तो उसे तुरंत टीबी की जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि टीबी की सभी जांच एवं उपचार सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध हैं, इसलिए समय पर जांच और उपचार अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने आगे बताया कि वर्तमान में विश्वविद्यालय से जुड़े 158 लोग ‘निक्षय मित्र’ की भूमिका निभा रहे हैं, जो टीबी मरीजों को पोषण एवं सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान 10 क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय के सतत प्रयासों से ग्राम पंचायत वघुईया शीघ्र ही टीबी मुक्त घोषित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. बृजेंद्र कुमार सिंह ने भी उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि समय पर टीबी की पहचान, नियमित उपचार और संतुलित पोषण युक्त आहार से रोगी शीघ्र स्वस्थ हो सकता है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में जनपद में 3380 क्षय रोगियों का उपचार चल रहा है तथा 469 ग्राम पंचायतों में से 29 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित होने के लिए पात्र (एलिजिबल क्राइटेरिया) की श्रेणी में हैं।
उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा ग्राम पंचायत वघुईया को गोद लिए जाने की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और हम आशा करते हैं कि हमारे संयुक्त प्रयास से शीघ्र ही यह ग्राम पंचायत ‘वघुईया’ टीबी मुक्त घोषित होगी।
इस अवसर पर रेस्पिरेटरी विभाग के संकाय सदस्य,ग्राम प्रधान राकेश यादव एवं और ग्रामीण उपस्थित रहे।