अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर एमएसएमई विकास कार्यालय में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर।एमएसएमई-विकास कार्यालय, कानपुर (भारत सरकार, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय) तथा सितारा फाउण्डेशन, कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (08 मार्च) की पूर्व संध्या पर एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन एमएसएमई-डीएफओ, कानपुर के ऑडिटोरियम हॉल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
उप निदेशक एस.के. पाण्डेय ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि मंत्रालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक उद्यमियों तक पहुंचाना विभाग का उद्देश्य है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए निदेशक वी.के. वर्मा ने एमएसएमई मंत्रालय की नवीनतम योजनाओं की जानकारी दी तथा उद्यमियों को आश्वस्त किया कि कार्यालय द्वारा उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
सितारा फाउण्डेशन, कानपुर की फाउंडर सरिता वहाब ने अपने संगठन द्वारा संचालित गतिविधियों और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के प्रयासों पर प्रकाश डाला।
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, कानपुर के उपायुक्त (उद्योग) अंजनीश प्रताप सिंह ने राज्य सरकार द्वारा उद्यमियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी दी।
यूको बैंक, जोनल कार्यालय, कानपुर की प्रबंधक स्वाती गुप्ता ने उद्यमियों के लिए बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली ऋण योजनाओं तथा उनसे संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सहायक निदेशक ग्रेड-1 अमित बाजपेयी ने एमएसएमई मंत्रालय की पीएमएस योजना के संबंध में प्रतिभागियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बलराम नरूला, मैनेजिंग डायरेक्टर, जेट निटवियर्स प्रा. लि., कानपुर ने अपने संबोधन में महिला सशक्तीकरण पर बल देते हुए कहा कि उद्यम के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है और इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक अविनाश कुमार अपूर्व ने किया। सहायक निदेशक नीरज कुमार ने महिला उद्यमियों एवं प्रतिभागियों को निर्यात संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर निशा तिवारी, निधि रस्तोगी, नंदिता अग्रवाल, सुमन निगम, सोनिया दमेले सहित अन्य महिला पदाधिकारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में उद्यमियों सहित लगभग 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में सहायक निदेशक के.पी. शील ने सभी महिला आगंतुकों, अधिकारियों, प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों तथा विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।