पत्नी वियोग में पति ने अपनी जीवन लीला की समाप्त |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l पत्नी के नाराज होकर मायके चले जाने से आहत एक युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पत्योरा के मजरा शिवरामपुर डेरा निवासी अमित निषाद (26) ने दोपहर के समय घर में अकेला पाकर बिजली की केबिल से छत के कुंडे में लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी जूली किसी बात से नाराज होकर मायके चली गई थी, जिससे वह काफी परेशान था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के बड़े भाई अनिल निषाद ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पत्योरा पुलिस चौकी इंचार्ज निशांत दुबे मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। करीब तीन वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी और उसके एक डेढ़ वर्ष की पुत्री आरोही है। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की सूचना मृतक की पत्नी जूली को देकर उसे मायके से बुलाया गया है।