गैस सिलेंडर न मिलने पर उपभोक्ताओं में रोष |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l सुमेरपुर कस्बे की एकमात्र गैस एजेंसी में बुधवार को गैस सिलेंडर खत्म हो जाने से उपभोक्ताओं में अफरा-तफरी मच गई। सिलेंडर लेने पहुंचे लोग दिनभर एजेंसी के चक्कर काटते रहे, लेकिन गैस उपलब्ध न होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
बताया गया कि एजेंसी को शनिवार के बाद मंगलवार को उन्नाव डिपो से एक ट्रक में करीब 400 गैस सिलेंडर प्राप्त हुए थे। इनका वितरण मंगलवार को किया गया था। वितरण के बाद लगभग 50 सिलेंडर ही शेष बचे थे, जिन्हें बुधवार सुबह बांट दिया गया। इसके बाद सिलेंडर समाप्त होने की बात कहकर ग्राहकों को लौटा दिया गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गैस एजेंसी संचालक मनोज कुमार पालीवाल ने बताया कि बुधवार को उन्नाव डिपो से गैस की गाड़ी नहीं पहुंची है। गुरुवार को गाड़ी आने की उम्मीद है, जिसके बाद ही उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि ओटीपी जनरेट होने के बाद ही उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिए जा रहे हैं और इस व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।