प्रभारी मंत्री ने 475 नव विवाहित जोड़ा को दिया जीवन भर खुश रहने का आशीर्वाद |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l उत्तर प्रदेश सरकार के 'नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विगत नौ वर्षों की अभूतपूर्व उपलब्धियों से जनसामान्य को अवगत कराने के उद्देश्य से राज्य मंत्री जलशक्ति विभाग उत्तर प्रदेश एवं प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में राजकीय महाविद्यालय कुछेछा, हमीरपुर परिसर में प्रेस वार्ता की गयी तथा आगामी नौ दिवसीय मेले का उद्घाटन किया गया।इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 475 नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने नव विवाहित जोड़ों के अग्रिम जीवन की मंगल कामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि आज का दिन अभूतपूर्व है, जो हम सभी को एक साथ 475 नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करने का पुण्य प्राप्त हुआ है। आज ही उत्तर प्रदेश सरकार के अभूतपूर्व 9 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं, विगत 9 वर्षों में हमारी सरकार ने कई ऐसे कार्य किये हैं जो ऐतिहासिक हैं।इन 9 वर्षों में सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक तबके का ध्यान रखा गया है। आगे भी हमारी सरकार 'सबका साथ और सबका विकास' के महामंत्र को लेकर कार्य करती रहेगी।उन्होंने बताया कि जनपद हमीरपुर में रु 1534.73 करोड़ की लागत से 60.69 किमी बुंदेलखंड एक्स्प्रेस वे तथा रु 1012.23 करोड़ की लागत से 807 प्रमुख मार्गों पर 2194.28 किमी लंबाई की सड़कों का निर्माण व अनुरक्षण कराया गया है। विगत 9 वर्षों में रु 717.136 करोड़ की धनराशि 213125 किसानों में किसान सम्मान निधि के रूप में वितरित की गयी है। रु 302.76 करोड़ की लागत से जनपद में हमीरपुर बाईपास निर्माण के अंतर्गत यमुना नदी व बेतवा नदी सेतु एवं रोहन नाले का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही जिले से निराश्रित विधवा पेंशन के 18000 एवं वृद्धावस्था पेंशन के 53593 लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। जनपद में 24398 पीएम आवास ग्रामीण, 13136 पीएम आवास शहरी एवं 2815 सीएम आवास पूर्ण कराए गए हैं। मंत्री ने कहा कि कृषि का योगदान लगभग 25% हो चुका है, प्रति व्यक्ति आय एक लाख से भी अधिक हो चुकी है।इस मौके पर विधायक सदर डॉ मनोज प्रजापति, विधायक राठ श्रीमती मनीषा अनुरागी,सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, ब्लॉक प्रमुख लाला राम निषाद, सीडीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, डीडीओ राघवेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी गण आदि मौजूद रहे।