किरायेदार से विवाद पर किशोर ने फंदा लगाकर दी जान - पिता बोले- पुलिस के डर से उठा लिया कदम
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। गोविंद नगर थाना क्षेत्र के नटराज टॉकीज के पास रहने वाले हाकिम सिंह के बेटे अमन (17) ने गुरुवार शाम चुन्नी से फंदा लगाकर जान दे दी। पिता का आरोप है कि मकान में किराये पर रहने वाली एक महिला से बेटे ने मोबाइल चार्ज करने के लिए चार्जर मांगा। इस पर उसने चार्जर देने से मना करते हुए गाली-गलौज करना शुरू कर दिया।
इस पर बेटे ने विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर महिला किरायेदार ने बेटे को जमकर पीटा। इसके बाद पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखते ही अमन ने अपने को कमरे में अंदर से बंद कर लिया। पिता के अनुसार पुलिस काफी देर तक दरवाजा खटखटाती रही, लेकिन बेटे ने गिरफ्तार होने के डर से दरवाजा नहीं खोला और फंदा लगाकर जान दे दी। पिता के अनुसार वह लोग भी सुमित सिंह के मकान में किराये पर रहते हैं। अभी छह महीने पहले ही शिफ्ट हुए थे। आरोप था कि इससे पहले जहां किराए पर रहते थे, वहां एक युवक से बेटे का झगड़ा हुआ था। इस पर पुलिस ने बेटे को पीटा था। इस कारण बेटा पुलिस से बहुत डरता था। घटना के समय वह शिवराजपुर के काकूपुर गांव गए हुए थे। गोविंद इंस्पेक्टर रीकेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच की जा रही है।