छात्रों ने कॉन्क्लेव एवं क्षेत्रीय ट्रेड शो 2026 में किया प्रतिभाग
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए के अंतर्गत संचालित कृषि महाविद्यालय कैम्पस, जमुनाबाद, लखीमपुर खीरी के बी.एससी. कृषि तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष के 56 छात्रों ने 27 से 29 मार्च 2026 तक विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित “एमएसएमई एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव एंड रीजनल ट्रेड शो 2026” में सक्रिय सहभागिता की। यह शैक्षणिक भ्रमण तीन दिवसीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया। महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) पहल के अंतर्गत आयोजित इस भव्य कॉन्क्लेव का उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि 150 से अधिक स्टॉल्स के माध्यम से उत्पाद प्रदर्शन, बी2बी नेटवर्किंग एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रतिभागियों को एक ही मंच पर उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में उद्योग जगत के विशेषज्ञ, नीति-निर्माता, वित्तीय संस्थान, स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े संगठन एवं विभिन्न सरकारी विभागों की सहभागिता रही, जिससे छात्रों को व्यावहारिक एवं समग्र ज्ञान प्राप्त हुआ। टेक्सटाइल, हैंडलूम एवं एमएसएमई आधारित उत्पादों की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। डॉ. आनंद कुमार पांडेय ने जानकारी दी कि कॉन्क्लेव के दौरान बी2बी नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म, नॉलेज सेशंस, एक्सपर्ट टॉक्स एवं “युवा पिच टैंक” जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनसे छात्रों को अपने नवाचारपूर्ण विचार प्रस्तुत करने एवं विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला। साथ ही एमएसएमई एवं हैंडलूम अवार्ड्स के माध्यम से उत्कृष्ट उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया। यह आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनने एवं रोजगार सृजन के नए अवसरों की दिशा में प्रेरित करने वाला सिद्ध हुआ। इस शैक्षणिक भ्रमण में सह-प्राध्यापक डॉ. अरुण कुमार, डॉ. आनंद कुमार पांडेय तथा गेस्ट फैकल्टी डॉ. रणधीर यादव, डॉ. अनूप कुमार यादव एवं डॉ. संदीप कुमार सहित अन्य छात्र उपस्थित रहे
।