प्रसार शिक्षा एवं संचार प्रबंधन विभाग में हुई एआई प्रतियोगिता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के प्रसार शिक्षा एवं संचार प्रबंधन विभाग में एआई संबंधी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं के बीच कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रति जागरुकता बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मकता को एक मंच प्रदान करना था।कार्यक्रम के दौरान वाद-विवाद, रंगोली एवं डिजिटल पोस्टर प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संघमित्रा महापात्रा द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अधिष्ठाता, सामुदायिक विज्ञान डॉ. सीमा सोनकर एवं ईसीएम विभाग की विभागाध्यक्ष, डॉ. विनीता सिंह का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। साथ ही निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. एकता शर्मा एवं डॉ. संगीता गुप्ता का भी सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं प्रबंधन में डॉ. जया वर्मा एवं डॉ. ऐश्वर्या सिंह की सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी देखरेख में कार्यक्रम का संचालन अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
वाद-विवाद प्रतियोगिता "एआईः वरदान या अभिशाप" के अंतर्गत प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। कुछ छात्र-छात्राओं ने एआई को भविष्य की आवश्यकता बताया, वहीं अन्य ने इसके संभावित खतरों पर प्रकाश डाला। डिजिटल पोस्टर के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने एआई के विभिन्न पहलुओं को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया, वहीं रंगोली प्रतियोगिता में पारंपरिक कला एवं तकनीकी नवाचार का सुंदर समन्वय देखने को मिला। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर शीर्ष प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया।
अंत में अधिष्ठाता, सामुदायिक विज्ञान एवं विभागाध्यक्ष, ईसीएम द्वारा कार्यक्रम की भरपूर प्रशंसा की गई तथा छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।