37वीं वाहिनी पीएसी में 'सेवा ही संकल्प': खाकी ने पेश की मानवता की मिस
-स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के माध्यम से जवानों ने पेश किया सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | 37वीं वाहिनी पीएसी, कानपुर के प्रांगण में 'जन-सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता'के प्रति अटूट प्रतिबद्धता प्रदर्शित की गई। सेनानायक बी.बी. चौरसिया एवं उपसेनानायक तनु उपाध्याय के कुशल निर्देशन एवं गरिमामयी उपस्थिति में वाहिनी चिकित्सालय में एक चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न हुआ। यह आयोजन संकल्प सेवा समिति एवं आई.क्यू.आई. हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में पीएसी कल्याण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के दृष्टिगत किया गया। नेत्र परीक्षण एवं परामर्श: 'आई. क्यू. आई. हॉस्पिटल' के विशेषज्ञ शिवम गुप्ता (तकनीशियन) एवं उनकी टीम द्वारा वाहिनी के अधिकारियों, कर्मचारियों,उनके परिजनों तथा आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के नेत्रों की विस्तृत जांच की गई। इस दौरान जवानों को नेत्र सुरक्षा हेतु आवश्यक परामर्श एवं चिकित्सकीय सुझाव प्रदान किए गए। स्वैच्छिक रक्तदान:मधु लोक ब्लड बैंक' (किदवई नगर) एवं 'संकल्प सेवा समिति' के अध्यक्ष संतोष सिंह चौहान के समन्वय से आयोजित इस शिविर में जवानों ने अभूतपूर्व उत्साह दिखाया। रिक्रूट आरक्षियों सहित पुलिस कार्मिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की। उत्साहवर्धन एवं सम्मान सेनानायक ने स्वयं शिविर का अवलोकन किया और रक्तदान करने वाले प्रत्येक कार्मिक से मिल कर उनका उत्साहवर्धन किया। सेनानायक महोदय द्वारा रक्तदाता जवानों को 'प्रशंसा पत्र (सर्टिफिकेट)' एवं 'विशेष उपहार' वितरित कर सम्मानित किया गया।उन्होंने जवानों के इस जज्बे को अनुकरणीय बताया। सेनानायक महोदय ने आयोजक संस्थाओं और चिकित्सा टीम के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पीएसी बल न केवल कानून-व्यवस्था के प्रति उत्तरदायी है, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील और सेवाभावी रहना भी हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर जारी रखने हेतु प्रेरित किया। अंत में आयोजक संस्थाओं द्वारा सेनानायक को स्मृति चिन्हं भेंट किया गया। इस अवसर पर वाहिनी चिकित्साधिकारी डॉ.श्री ए.के.अवस्थी, शिविरपाल चंदेश्वर , आरटीसी प्रभारी सीसी मनोज कुमार श्रीवास्तव,सूबेदार सैन्य सहायक रवेंद्र सिंह चौधरी, सहायक शिविरपाल शिवांशु द्विवेदी एवं मीडिया सेल प्रभारी रामेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।