बाबा साहेब के अनुयायियों ने रैली निकालकर सामाजिक न्याय और समानता का दिया संदेश |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l कस्बा मौदहा में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में 13 अप्रैल को ग्रामीण क्षेत्रों में बाइक रैली निकाली गई। पारा गांव समेत आसपास के इलाकों में अनुयायियों ने रैली निकालकर सामाजिक न्याय और समानता का संदेश दिया। उद्देश्य बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना रहा। वक्ताओं ने कहा कि 14 अप्रैल को मनाई जाने वाली अंबेडकर जयंती केवल उत्सव नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने डॉ. अंबेडकर के संघर्षों का उल्लेख करते हुए भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ उनकी लड़ाई को याद किया। शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए उनके प्रसिद्ध कथन “शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो पिएगा वह दहाड़ेगा” को दोहराया गया। इस दौरान रामप्रकाश प्रजापति, जीशान अली, रवि वर्मा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे और सभी ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।