बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच गतिरोध |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ,हमीरपुर l राठ तहसील अंतर्गत औड़ेरा गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच गतिरोध चरम पर पहुंच गया है। रात के अंधेरे में स्थापित की गई इस प्रतिमा को अवैध बताते हुए जब प्रशासन ने उसे हटाने की तैयारी की तो गांव की महिलाएं ढाल बनकर खड़ी हो गईं। चिलचिलाती धूप में धरने पर बैठी महिलाओं ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि प्रतिमा को छुआ भी गया, तो वे आत्मदाह जैसा आत्मघाती कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगी। मिली जानकारी के अनुसार औड़ेरा गांव में बीती रात सार्वजनिक स्थान पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी। सुबह होते ही जब इसकी सूचना प्रशासन को मिली तो हड़कंप मच गया। राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाया कि बिना पूर्वानुमति के प्रतिमा स्थापित करना नियमों के विरुद्ध है। प्रशासन ने प्रतिमा को वहां से हटाने की प्रक्रिया शुरू करनी चाही, जिसका ग्रामीणों ने पुरजोर विरोध किया। दर्जनों महिलाएं प्रतिमा के चारों ओर घेरा बनाकर जमीन पर बैठ गई हैं। फिलहाल गांव मे पुलिस तैनात है जिससे स्थिति सामान्य है।