खाद्य विभाग द्वारा चला सघन अभियान
*जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य विभाग द्वारा चला सघन अभियान
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर।जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सभी क्षेत्रों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
आज दिनांक 25 अप्रैल 2026 को भूरे पुरवा, राजेन्द्र पुरम, नौबस्ता स्थित एक अवैध रूप से संचालित मोमोज एवं चटनी निर्माण इकाई पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री सोमनाथ कुशवाहा एवं डॉ. देवेन्द्र सिंह आजाद द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्रतिष्ठान में मोमोज एवं चटनी का निर्माण अत्यंत गंदी, अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में किया जा रहा था। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
मौके पर दुर्गंधयुक्त मोमोज तथा रंगीन चटनी के नमूने एकत्रित कर खाद्य विश्लेषण हेतु राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए। साथ ही लगभग 20 किलोग्राम मोमोज एवं 20 लीटर रंगीन चटनी को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
खाद्य विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि जनपद कानपुर नगर में मिलावटी चटनी बनाने वालों एवं गंदगी में खाद्य पदार्थ तैयार करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।