होमगार्ड परीक्षा - 2026 को लेकर डीएम एवं पुलिस अधीक्षक ने किया विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l होमगार्ड परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी आयोजन के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक गोयल एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक हमीरपुर द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, अभ्यर्थियों की तलाशी प्रक्रिया तथा सीसीटीवी निगरानी की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया।
इस अवसर पर विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न हो तथा किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए। पुलिस बल को अभ्यर्थियों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने एवं परीक्षा को बाधारहित संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। जनपद पुलिस व प्रशासन द्वारा परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।