नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र किए गए वितरित |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जनपद हमीरपुर में महिला एवं बाल विकास को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आज कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में 82 नव चयनित आंगनवाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें सुमेरपुर ब्लॉक की 50 एवं कुरारा ब्लॉक की 32 सहायिकाएं शामिल हैं। कार्यक्रम जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में तथा सदर विधायक हमीरपुर डॉ. मनोज कुमार प्रजापति की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने नव चयनित सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों को समुचित पोषण मिलना उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी सहायिकाओं से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने कहा कि आंगनवाड़ी सहायिकाएं समाज के सबसे महत्वपूर्ण वर्ग—माताओं और बच्चों—के कल्याण से सीधे जुड़ी होती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण एवं बच्चों के समुचित पोषण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि सहायिकाओं का चयन पूर्ण पारदर्शिता एवं मेरिट के आधार पर किया गया है तथा वर्तमान सरकार में सभी भर्तियां पारदर्शी प्रक्रिया के तहत संपन्न हो रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा नव नियुक्त सहायिकाओं को विभागीय योजनाओं, पोषण अभियान, टीकाकरण एवं बाल विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी इंद्रपाल सिंह, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता जलीश खान, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन नव चयनित सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए किया गया।