दहशत में आए राजमिस्त्री ने घर के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मुस्करा l हमीरपुर l मुस्करा थाना क्षेत्र के पहाड़ी भिटारी गांव में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पत्नी के प्रेमी और उसके साथी से मिली जान से मारने की धमकी से दहशत में आए एक राजमिस्त्री ने घर के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पहाड़ी भिटारी निवासी धर्मपाल पुत्र बैजनाथ श्रीवास (करीब 40 वर्ष) पेशे से राजमिस्त्री थे। मंगलवार को उन्होंने अपने घर के एक कमरे में अटारी के पास सीढ़ी लगाकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि मौत से पहले धर्मपाल ने एक सुसाइड नोट लिखकर अपनी जेब में रख लिया था। नोट में आरोप लगाया गया है कि “रिपोर्ट करने जाओगे तो दोनों को मार दूंगा।” इसमें भरत कुशवाहा और शिवकुमार नाम के दो लोगों का जिक्र किया गया है, जिन पर धमकी देने का आरोप है। मृतक के पिता बैजनाथ ने बताया कि बीती रात उनके बेटे ने अपनी पत्नी के साथ भरत कुशवाहा को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था। आरोप है कि इसके बाद भरत और उसके साथी शिवकुमार ने धर्मपाल को जान से मारने की धमकी दी। इसी धमकी से भयभीत होकर धर्मपाल ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना पर मुस्करा थाना पुलिस फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से मिले सुसाइड नोट को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। मुस्करा थाना पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की हर पहलू से जांच में जुटी है।