50 से अधिक पत्रकार बंधुओं की कराई गई स्व गणना |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान के क्रम में आज जिला सूचना कार्यालय, हमीरपुर में “मीडिया डे” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न मीडिया संस्थानों एवं पत्रकार बंधुओं की सक्रिय सहभागिता रही।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार द्वारा पत्रकार बंधुओं को स्व-गणना प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई तथा उन्हें डिजिटल माध्यम से स्व-गणना करने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 50 से अधिक पत्रकार बंधुओं की सफलतापूर्वक स्व-गणना कराई गई।
जिला सूचना अधिकारी द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे जनगणना-2027 जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं तथा आमजन को स्व-गणना के प्रति जागरूक करें।
अपील में कहा गया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। स्व-गणना की प्रक्रिया नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने का सरल, सुगम एवं सशक्त माध्यम प्रदान करती है। ऐसे में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि मीडिया समाज को जागरूक करने एवं सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
समस्त मीडिया बंधुओं से अपेक्षा की गई कि वे अपने समाचार पत्रों, समाचार चैनलों, समाचार पोर्टलों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से स्व-गणना अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा अधिक से अधिक लोगों को इसमें प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करें। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों से यह भी अनुरोध किया गया कि वे स्वयं अपने निकटतम नगर पंचायत, नगर पालिका अथवा तहसील कार्यालय पहुंचकर अपनी स्व-गणना कराएं तथा अन्य नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी आधारित महत्वपूर्ण पहल बताया।