न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में 09 मई 2026 को जनपद न्यायालय परिसर, हमीरपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर मनोज कुमार राय द्वारा फीता काटकर, दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अरुण कुमार मल्ल, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय प्रभु नारायण पाण्डेय, प्रोग्रेसिव बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता मनीराम वर्मा, जिला अधिवक्ता संघ के महामंत्री अश्वनी कुमार प्रजापति, लोक अदालत के नोडल अधिकारी राजीव कुमार द्वितीय, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वंदना अग्रवाल सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार राय ने अपने संबोधन में बैंक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे जनहित को सर्वोपरि रखते हुए नियमों के अंतर्गत यथासंभव उदार एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाएं तथा अधिकाधिक वादों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि पीड़ित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को त्वरित, सुलभ एवं प्रभावी न्याय प्राप्त हो सके तथा लोक अदालत की भावना सार्थक रूप से साकार हो।
प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय प्रभु नारायण पाण्डेय ने कहा कि पारिवारिक न्यायालयों में होने वाला समझौता न किसी की हार होती है और न ही किसी की जीत, बल्कि यह आपसी विश्वास, समझदारी एवं पारिवारिक सौहार्द की विजय होती है, जो रिश्तों को टूटने से बचाकर समाज में सामंजस्य एवं शांति स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त करती है।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वंदना अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि न्याय एवं सामाजिक सौहार्द का महापर्व है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सचिव के रूप में यह उनकी प्रथम लोक अदालत है, अतः सभी अधिकारीगण, अधिवक्तागण एवं संबंधित विभाग इस जनकल्याणकारी अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता प्रदान करें, ताकि अधिकाधिक वादों का सौहार्दपूर्ण निस्तारण कर आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराया जा सके। कार्यक्रम के अंत में लोक अदालत के नोडल अधिकारी राजीव कुमार द्वितीय द्वारा उपस्थित समस्त अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया।राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर न्यायालय परिसर में आकर्षक रूप से स्थापित सेल्फी प्वाइंट भी विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। अधिवक्ताओं, पक्षकारों एवं आमजन में इसे लेकर उत्साह देखने को मिला तथा लोगों ने इस ऐतिहासिक एवं जनहितकारी आयोजन की स्मृतियों को फोटोग्राफी के माध्यम से संजोया।आज आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में जनपद न्यायालय हमीरपुर में बड़ी संख्या में वादों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया गया। विभिन्न न्यायालयों में कुल 4375 वाद निस्तारित किए गए, जबकि राजस्व विभाग द्वारा 11208 वादों का निस्तारण किया गया। अग्रणी बैंक प्रबंधक संगम लाल मिश्रा, इंडियन बैंक, हमीरपुर के अनुसार जनपद के विभिन्न बैंकों में लंबित 21578 प्रीलिटिगेशन मामलों में से 417 वादों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कुल 16188 वादों का सफल निस्तारण हुआ।लोक अदालत में बैंक एवं राजस्व विभाग द्वारा सुलह-समझौते के आधार पर लगभग 2 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की धनराशि प्राप्त हुई, जबकि न्यायालयों में निस्तारित वादों में लगभग 2 करोड़ 29 लाख रुपये से अधिक की धनराशि समझौते के रूप में प्राप्त हुई। इस प्रकार न्यायालय, बैंक एवं राजस्व विभागों के माध्यम से कुल लगभग 4 करोड़ 42 लाख रुपये से अधिक की धनराशि समझौते के रूप में प्राप्त हुई।लोक अदालत के दौरान वर्षों से लंबित एक महत्वपूर्ण जमीनी विवाद, जिसकी अपील जनपद न्यायाधीश के न्यायालय में विचाराधीन थी, का निस्तारण आपसी समझौते के आधार पर कराया गया। इससे संबंधित अन्य लंबित वाद भी लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित किए गए, जिससे दोनों पक्षों में संतोष एवं प्रसन्नता का वातावरण दिखाई दिया। दोनों पक्षों ने जनपद न्यायालय के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी प्रकार परिवार न्यायालय में भी पति-पत्नी एवं पारिवारिक विवादों से संबंधित कई मामलों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण किया गया, जिससे अनेक परिवारों के जीवन में नई शुरुआत का मार्ग प्रशस्त हुआ।
राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर कृषि विभाग, चिकित्सा विभाग, मिशन शक्ति, एक जिला एक उत्पाद एवं एक जनपद एक व्यंजन सहित विभिन्न विभागों द्वारा जनजागरूकता एवं प्रदर्शन स्टॉल भी लगाए गए, जिन्हें लोगों द्वारा काफी सराहा गया।
|