दृष्टिबाधित बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण हेतु प्रयागराज किया रवाना
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।मुख्य विकास अधिकारी कानपुर नगर श्री अभिनव जैन ने बुधवार को अंध विद्यालय, नेहरू नगर, कानपुर के 70 दृष्टिबाधित दिव्यांग बच्चों को दो वातानुकूलित बसों के माध्यम से प्रयागराज स्थित इलाहाबाद संग्रहालय के शैक्षणिक भ्रमण हेतु रवाना किया। इस अवसर पर 10 सहयोगी स्टाफ, चिकित्सक दल एवं पुलिस बल भी बच्चों के साथ मौजूद रहा। बसों को सर्किट हाउस, कानपुर नगर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की राज्य निधि योजना के अंतर्गत इलाहाबाद संग्रहालय, प्रयागराज में 04 मई से 30 मई 2026 तक भारत के विश्व प्रसिद्ध स्मारकों एवं भारतीय वन्यजीवों के त्रिआयामी प्रतिरूपों की विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य दृष्टिबाधित दिव्यांग बच्चों के शैक्षणिक एवं सामान्य ज्ञान में वृद्धि करना है।
विभाग द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार प्रदेश के कुल आठ मंडलों के दिव्यांग बच्चों को अलग-अलग तिथियों पर संग्रहालय भ्रमण हेतु आमंत्रित किया गया है। बुधवार को कानपुर मंडल के बच्चों का भ्रमण प्रस्तावित था।
इलाहाबाद संग्रहालय में आयोजित प्रदर्शनी में गेटवे ऑफ इंडिया, गोल्डन टेम्पल, कुतुब मीनार, विवेकानंद रॉक मेमोरियल, ताजमहल, काशी विश्वनाथ मंदिर एवं हवा महल सहित देश के विभिन्न विश्व प्रसिद्ध स्मारकों के त्रिआयामी मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। इन मॉडलों के माध्यम से कक्षा 6 एवं उससे ऊपर की कक्षाओं में अध्ययनरत दृष्टिबाधित बच्चों को स्पर्श एवं अनुभव के आधार पर जानकारी प्रदान की जा रही है।
इसके अतिरिक्त बच्चों को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने तथा इलाहाबाद संग्रहालय के ऑडिटोरियम में ज्ञानवर्धक चलचित्रों के माध्यम से मनोरंजन एवं जानकारी प्राप्त करने का अवसर भी मिला।