कुलाधिपति ने की राजभवन में सीएसए की समीक्षा बैठक
- कृषि नवाचार और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए के कुलपति डॉ संजीव गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में जन भवन में आयोजित की गई। जिसमें विश्वविद्यालय की प्रगति प्रस्तुतीकरण की गई। बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और योजनाओं की समीक्षा की गई।राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे नवाचारों, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा बजट के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान देने को कहा।बैठक में बीज उत्पादन और उसके किसानों तक वितरण की व्यवस्था की समीक्षा की गई। राज्यपाल ने स्थानीय स्तर पर निर्मित कृषि उत्पादों और तकनीकों को किसानों तक सुलभ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्पादन और बजट के अनुसार एक व्यवस्थित कार्य संस्कृति विकसित करना आवश्यक है। कृषि विश्वविद्यालय कानपुर के कार्य क्षेत्र में कृषि उत्पादन बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जानी चाहिए। किसानों की वास्तविक समस्याओं की पहचान कर समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में केंद्र सरकार की धन-धान्य योजना और दलहन-तिलहन योजना पर भी चर्चा हुई। साथ ही छोटे कृषि यंत्रों के निर्माण और उनके उपयोग से उत्पादन बढ़ाने पर बल दिया गया। कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के लिए लघु तकनीकों के विकास की आवश्यकता भी बताई गई। राज्यपाल ने जैविक खेती/प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को इससे जोड़ने की बात कही। उन्होंने सुझाव दिया कि जिन छात्रों के पास कृषि भूमि है, वे नवाचार आधारित मॉडल विकसित करें।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में हो रहे नवाचारों की प्रभावी ब्रांडिंग और प्रचार-प्रसार आवश्यक है, ताकि किसानों तक तकनीक पहुंच सके। कृषि यंत्र बनाने वाली कंपनियों के साथ समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। शिक्षा और शोध के क्षेत्र में राज्यपाल ने पाठ्यक्रमों में नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही शोध कार्यों को व्यवहारिक स्तर पर लागू करने और उनके परिणाम समाज तक पहुंचाने पर जोर दिया। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के आह्वान का उल्लेख करते हुए ऊर्जा बचत, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा, वर्क फ्रॉम होम, कम ईंधन उपयोग, और अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने की अपील की। विश्वविद्यालय अधिकारियों ने प्रदेश में कृषि अनुसंधान, बीज विकास और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।