चकरपुर मंडी में लगी भीषण आग, 44 दुकाने जलकर राख
- व्यापारियों का नुकसान पर सरकार की ओर से आर्थिक मदद कराई जाएगी:मण्डी सचिव
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। चकरपुर सब्जी मंडी जो शहर में सब्जी तथा फलों की थोक की सबसे बडी मण्डी है। गुरूवार की सुबह दस बजे वहां अचानक आग लग गयी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी फैल गयी। देखते ही देखते आग ने अपना दायरा बढाया और अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाडियो से दमकम कर्मी 2 घंटे से अधिक समय आग को बुझाने में जूझते दिखाई दिए।
गुरूवार की सुबह लगभग दस बजे चकरपुर सब्जी थोक मंडी में अचानक एक दुकान पर आग लग गयी। पहले तो व्यापारियों ने स्वयं ही आग पर काबू पाने की चेष्टा की लेकिन जब बात नही बनी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसे देखकर व्यापारियों ने वहां से हटना ही हितकर समझा। आग से क्षेत्र में अफरा-तफरी फैल गयी। प्रत्यशदर्शियों ने बताया कि आग चबूतरा नम्बर 6 में लगी थी, पहले कुछ व्यापारियों ने ही आग को बुझाने की कोशिश की थी। बताया कि आग की लपटे 50 फिट ऊपर तक उठती देखी गयी। धुंए का गुब्बार काफी देर से देखा जा सकता था। सूचना पाकर मौके पर कई दमकल गाडियां पहुंच गयी और दमकल कर्मियों को आग बुझाने के लिए दो घंटों की कडी मेहनत करनी पडी। बावजूद उसके भी आग ठण्डी नही पडी। बताया गया कि प्लास्टिक की बोरियों का तथा प्लास्टिक कैरेट का यहां भण्डार रहता है, जिसके कारण आग ने ज्यादा भयावह रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार मुन्ना ब्र्रदर्स नाम के एक आढती की आढत से आग उठी और उसके काफी क्षेत्र को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया और राहत के साथ अन्य व्यवस्थाओं को संभालते दिखायी दिया।
मंडी सचिव विजिन बालियान ने बताया- करीब 12 बजे शार्ट सर्किट से आग लगी। आग लगते ही फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। छह नंबर चबूतरे में करीब 44 दुकाने थीं।
एक नंबर से लेकर 44 नंबर दुकान तक आग लगी है। आग से करीब दो करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। जिन व्यापारियों का नुकसान हुआ है, उनकी सरकार की ओर से आर्थिक मदद कराई जाएगी। हालांकि, सचिव ने दावा किया कि छोटी आग पर काबू पाने के लिए उपकरण मौजूद रहते हैं। बड़ी घटना थी, इसलिए इतना नुकसान हुआ।