पूर्व सेनाधिकारी मेजर दिनेश चंद्र की देह चिकित्सा जगत को दान
- सेंगर दंपति ने कानपुर से ले जाकर औरैया मेडिकल कॉलेज को सौंपी देह
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। तेईस साल पहले कानपुर से युग दधीचि देहदान अभियान प्रारंभ कर पूरे प्रदेश में इसका विस्तार करने वाले मनोज सेंगर एवम माधवी सेंगर ने बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज औरैया को अध्ययन हेतु दूसरी देह कानपुर से ले जाकर समर्पित की। सेंगर दंपति ने बताया कि गीता विहार यशोदा नगर कानपुर निवासी 80 वर्षीय सेवा निवृत्त सैन्य अधिकारी मेजर दिनेश चंद्र गुप्ता ने 18 साल पहले फरवरी 2008 में देहदान का संकल्प किया था। 19 मई शाम 6 बजे कानपुर के एक निजी हॉस्पिटल में उनका निधन होने पर उनके पुत्र प्रवीन गुप्ता ने मनोज सेंगर को सूचना देकर देहदान संकल्प पूरा कराने का आग्रह किया। इस पर अभियान की महासचिव माधवी सेंगर ने देह को औरैया मेडिकल कॉलेज को देने का निश्चय किया। अभियान प्रमुख मनोज सेंगर ने 20 मई सुबह देहदान के आवश्यक पत्रक तैयार किए प्रातः ग्यारह बजे स्थानीय सैन्य अधिकारी ने अपने साथियों के साथ आकर अपने पूर्व सेनाधिकारी को पुष्पचक्र समर्पित कर श्रद्धांजलि प्रदान की। उसके दोपहर बारह बजे सेंगर दंपति कानपुर से पार्थिव देह लेकर चले और शाम तीन बजे औरैया मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां एनाटॉमी हेड डॉ. मेधा दास ने अपने सहयोगी डॉ राकेश तिवारी एवम छात्रों की उपस्थिति में पार्थिव देह को सम्मान सहित स्वीकार किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ एम वी सिंह ने देहदानी परिवार एवं सेंगर दंपति का बहुत बहुत आभार जताया,।