छात्रों ने संतुलित उर्वरक उपयोग के सीखे गुर
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | आईसीएआर अटारी के निदेशक डॉक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि छत्रपति शाहू जी महाराज विवि के 156 छात्र और संकाय के शिक्षकों ने आईसीएआर-कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान जोन-III, कानपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर संस्थान के कॉन्फ्रेंस हॉल में छात्रों के लिए 'संतुलित उर्वरक उपयोग' विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अटारी कानपुर के निदेशक डॉ. राघवेंद्र सिंह ने सभी अतिथि संकाय सदस्यों एवं छात्रों का आत्मीय स्वागत किया और भारत में कृषि तथा ICAR एवं अटारी की भूमिका पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने छात्रों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनका मार्गदर्शन किया और छात्रों को कृषि क्षेत्र में करियर की अपार संभावनाओं से अवगत कराया।अटारी कानपुर की वैज्ञानिक (पशुधन उत्पादन प्रबंधन) डॉ. सीमा यादव ने छात्रों को आईसीएआर व देश भर में फैले कृषि विज्ञान केंद्रों की कार्यप्रणाली और उनके व्यापक नेटवर्क से परिचित कराया। वहीं, डॉ. प्रीति यादव (वैज्ञानिक, कृषि विस्तार) ने कृषि और मृदा स्वास्थ्य में 'संतुलित उर्वरक उपयोग' के महत्व पर एक विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने फसलों की बेहतर उत्पादकता और पर्यावरण सुरक्षा के लिए रसायनों के सही अनुपात में उपयोग के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने संस्थान के वैज्ञानिकों के साथ संवाद कर कृषि, अनुसंधान एवं रोजगार से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनका ज्ञानवर्धन किया। विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
|