पशु-पक्षियों के लिए भी रखें पानी भरे सकोरे:डीएम
- जनपदवासियों से की अपील, बेजुबान पशु-पक्षियों का भी रखें ख्याल
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच गुरुवार को कानपुर में प्रशासन का संवेदनशील और मानवीय चेहरा नजर आया। एक ओर कलेक्ट्रेट परिसर में पक्षियों के लिए पानी से भरे सकोरे रखवाए गए, वहीं दूसरी ओर तेज धूप में लगातार ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों, होमगार्ड एवं पीआरडी जवानों के लिए ठंडे पानी और ओआरएस की व्यवस्था की गई। रेलवे स्टेशन पर रेड क्रॉस वालिंटियर्स ने लोगों को हीटवेव से बचाव के उपाय भी बताए। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मई माह के अंतिम सप्ताह में अत्यधिक तापमान और मौसम विभाग द्वारा जारी हीटवेव अलर्ट को देखते हुए सभी लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस समय केवल इंसान ही नहीं बल्कि पशु-पक्षी भी भीषण गर्मी से अत्यधिक व्याकुल हैं। इसी संवेदनशीलता के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में पक्षियों के लिए प्रतीकात्मक रूप से पानी के सकोरे रखवाए गए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने घरों, छतों, दुकानों, कार्यालयों और आसपास सुरक्षित स्थानों पर किसी पात्र, नाद या सकोरे में पानी अवश्य रखें। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस दौर में एक छोटा प्रयास भी पक्षियों, गिलहरियों और अन्य जीव-जंतुओं के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। हीटवेव के बीच फील्ड में लगातार कार्य कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों, होमगार्ड एवं पीआरडी जवानों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जनसहयोग से लगभग 1000 ठंडे पानी की बोतलें और ओआरएस उपलब्ध कराए गए। विभिन्न प्रमुख चौराहों एवं ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात जवानों को राहत सामग्री वितरित की गई। प्रशासन का कहना है कि भीषण गर्मी में सार्वजनिक सेवाओं में लगे कर्मियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता में है। इसी क्रम में रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव आरके सफ्फड़ के नेतृत्व में वालिंटियर्स के दल ने कानपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और आमजन को हीटवेव से बचाव के प्रति जागरूक किया। वालिंटियर्स ने लोगों को धूप में सिर ढककर निकलने, पर्याप्त पानी पीने, ओआरएस का सेवन करने तथा लंबे समय तक खाली पेट बाहर न रहने की सलाह दी। इसके साथ ही हीट स्ट्रोक के लक्षणों और प्राथमिक उपचार के तरीकों की जानकारी भी दी गई।जिलाधिकारी ने कहा कि हीटवेव के दौरान थोड़ी सी लापरवाही गंभीर स्वास्थ्य समस्या का कारण बन सकती है। उन्होंने नागरिकों से दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता करने की अपील की।