साइबर ठगी के मामले में कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस को बड़ी सफलता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। अगस्त 2025 में सरदार मोहकम सिंह के साथ ₹ 1,27,00,000 की साइबर ठगी की घटना हुई थी, जिसमें पीड़ित के खाते से धनराशि विभिन्न माध्यमों से निकाल ली गई थी। जांच के दौरान यह तथ्य भी प्रकाश में आया कि लगभग ₹54,00,000 मूल्य का सोना खरीदा गया था। घटना के अनावरण हेतु लगातार लगभग छह माह तक साइबर थाना एवं क्राइम ब्रांच की टीमों द्वारा गहन प्रयास किए गए।
प्रकरण को पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता एवं चुनौती के रूप में लेते हुए निरंतर मॉनिटरिंग की गई। भारत सरकार के डाटा एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर एक संदिग्ध की फोटो एवं पहचान प्राप्त हुई, जिसका अपराध के समय प्रयुक्त पहचान से एक जैसा पाया गया। नाम अलग होने के बावजूद टीम लगातार तकनीकी एवं मैनुअल सर्विलांस पर कार्य करती रही। जांच के क्रम में एक अभियुक्त अरशद अंसारी को मेरठ से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके अतिरिक्त दूसरे अभियुक्त मेराज अंसारी की तलाश में पुलिस टीम महाराष्ट्र में लगातार अभियान चला रही थी। बीते कई दिनों से लगातार प्रयासरत टीम द्वारा अभियुक्त को ट्रेस करते हुए गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त को स्थानीय न्यायालय में प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड पर कानपुर लाया जा रहा है। गिरफ्तारी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम शामिल रही। पूछताछ में यह भी तथ्य सामने आया है कि इस गिरोह से दो नाइजीरियन नागरिक भी जुड़े हुए हैं। उनके संबंध में विस्तृत जानकारी एकत्र कर आगे की विधिक एवं तकनीकी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के समय अभियुक्त स्कूटी से घूम रहा था तथा लगातार अपना हुलिया एवं ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। हालांकि तकनीकी साक्ष्यों एवं सतत निगरानी के आधार पर पुलिस टीम ने उसे सफलतापूर्वक ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक श्री सतीश यादव साइबर थाना, उ0नि0 श्री पुनीत तोमर साइबर थाना, मु0अ0- सरीफ खान साइबर थाना, आरक्षी-सौरभ पाण्डेय साइबर थाना, आरक्षी-नितिन साइबर थाना थे।