सिद्धनाथ धाम में धूमधाम से मनाया गया भव्य माँ गंगा जन्मोत्सव
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर, गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ धाम में माँ गंगा जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने सहभागिता कर माँ गंगा का पूजन-अर्चन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ सायंकाल हवन एवं वैदिक यज्ञ के साथ हुआ, जिसमें देश, समाज एवं मानव कल्याण की कामना की गई। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।संध्या पूजन के बाद श्रद्धालुओं द्वारा माँ गंगा को चुनरी अर्पित की गई तथा भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। गंगा आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और “हर-हर गंगे” के जयघोष से सिद्धनाथ धाम गूंज उठा।कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय मठ मंदिर समन्वय समिति एवं माँ गंगा सेवा समिति द्वारा किया गया।इस अवसर पर संस्थापक बाल योगी अरुण चैतन्यपुरी महाराज ने कहा कि माँ गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से माँ गंगा की स्वच्छता एवं संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम में अनेक संत-महात्मा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
|