शिव-पार्वती विवाह प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु, भोलेनाथ की बारात में झूमे भक्त
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | बिठूर शिवा विहार कोठी में चल रही शिव महापुराण कथा में कथा व्यास शरदेंदु जी त्रिपाठी ने भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का सजीव एवं भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान ऐसा भक्तिमय वातावरण बना कि श्रद्धालु शिव-पार्वती विवाह की झांकी और प्रसंगों में पूरी तरह रम गए। भगवान भोलेनाथ के जयकारों और मंगल गीतों से पूरा कथा पंडाल गूंज उठा।कथा व्यास ने बताया कि माता सती के देह त्याग के बाद भगवान शिव गहन समाधि में लीन हो गए थे। उधर, तारकासुर के अत्याचारों से देवता परेशान थे। उसका वध भगवान शिव के पुत्र के हाथों होना निश्चित था। ऐसे में माता पार्वती ने हिमालय राज के घर पुत्री के रूप में जन्म लिया और बचपन से ही भगवान शिव को अपना आराध्य मानकर उनकी आराधना करने लगीं। भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए उन्होंने कठोर तपस्या की। उनकी अटूट भक्ति और समर्पण से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने विवाह के लिए स्वीकृति प्रदान की।इसके बाद भगवान शिव की बारात निकली। भोलेनाथ नंदी पर सवार होकर भूत-प्रेत, पिशाच, गणों और देवताओं के साथ राजा हिमाचल के द्वार पहुंचे। शिवजी के अनोखे बाराती स्वरूप को देखकर माता मैना सहित नगर की महिलाएं हैरान रह गईं। कोई भूतों के स्वरूप को देखकर घबराया तो कोई शिवजी की वेशभूषा देखकर आश्चर्यचकित हो उठा। बाद में भगवान शिव ने अपना सुंदर और मनमोहक स्वरूप धारण कर सभी को दर्शन दिए। इसके बाद विधि-विधान से शिव-पार्वती का विवाह संपन्न हुआ।विवाह प्रसंग के दौरान श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाए और पुष्प वर्षा कर भगवान शिव एवं माता पार्वती का स्वागत किया। कथा व्यास ने कहा कि शिव-पार्वती का विवाह केवल एक पौराणिक प्रसंग नहीं, बल्कि प्रेम, तपस्या, त्याग, विश्वास और समर्पण का संदेश देने वाला दिव्य प्रसंग है। माता पार्वती की तपस्या बताती है कि सच्ची श्रद्धा और दृढ़ संकल्प से कठिन से कठिन लक्ष्य भी प्राप्त किया जा सकता है। वहीं भगवान शिव का चरित्र त्याग, सरलता और करुणा की प्रेरणा देता है। कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। इस दिव्य प्रसंग के दौरान रमाशंकर शुक्ल,उपेन्द्र मिश्र,प्रदीप बाजपेई,संजय तिवारी,प्रवीण शुक्ल,शक्ति सिंह,शिव शंकर तिवारी समेत सैकड़ों श्रोता उपस्थित रहे।
|