एडीजी जोन ने श्रमिकों द्वारा वेतन,सेवा शर्तों एवं अन्य मांगों को लेकर की समीक्षा गोष्ठी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | अनुपम कुलश्रेष्ठ, अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर द्वारा जोनल कार्यालय में वर्तमान परिदृश्य के दृष्टिगत जनपद कानपुर देहात के विभिन्न फैक्ट्रियों में श्रमिकों द्वारा वेतन, सेवा शर्तों एवं अन्य मांगों को लेकर की जा रही हड़ताल/आन्दोलन की स्थिति के संबंध में समीक्षा गोष्ठी की गयी। गोष्ठी के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रमिकों एवं प्रबंधन के मध्य समन्वय स्थापित करने, किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति अथवा अवांछनीय तत्वों की सक्रियता पर प्रभावी निगरानी रखने तथा जनसामान्य के आवागमन एवं औद्योगिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। गोष्ठी में औद्योगिक विवादों के दौरान संवाद, संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने, स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं संबंधित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा किसी भी स्थिति में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही निर्देशित किया गया कि श्रमिक आंदोलनों से संबंधित प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए तथा अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उक्त गोष्ठी में हरीश चन्दर, पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर, कपिल सिंह, जिलाधिकारी जनपद कानपुर देहात, श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक, जनपद कानपुर देहात सहित शासन-प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
|