शिलांग में आयोजित रक्षा उद्योग उपकरण प्रदर्शनी में दिखा आत्मनिर्भर भारत की झलक
- भारतीय रक्षा प्रदर्शनी में दिखा जीआईएल के पैराशूट का दम
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। शहर में स्थित वैश्विक पटल पर प्रतिष्ठित रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी, ग्लाइडर्स इंडिया लिमिटेड ने दोदिवसीय भारतीय रक्षा उद्योग उपकरण प्रदर्शनी में अपने विशेष प्रकार के पैराशूटों का प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शनी अभ्यास प्रगति-I 2026 के तहत आयोजित की जा रही है, जो उमरोई (शिलांग), मेघालय में शुरू हुआ प्रमुख रक्षा आयोजन है। इसमें 12 मित्र देशों की सेनाएं शामिल हैं।प्रदर्शनी में सुखोई-30 के पायलट और ब्रेक पैराशूट, एमसीपीएस, हैवी ड्रॉप पैराशूट, एचएपी, पीटीए-एम, पीटीए-आर और मल्टी-पर्पज पोंचो बिवौएक जैसे उत्पादों के प्रति आगंतुकों में भारी उत्साह देखा गया। यह प्रदर्शनी आत्मनिर्भर भारत पहल के तहत विदेशी रक्षा प्रतिनिधिमंडलों के सामने भारत के स्वदेशी सैन्य उपकरणों और नवाचारों को प्रमुखता से उजागर करती है।
इस प्रदर्शनी का उद्घाटन भारतीय सेना के उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ, पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनके साथ अभ्यास प्रगति में भाग ले रहे विभिन्न देशों के 12 उप सेना प्रमुख भी मौजूद थे। इस दौरान जीआईएल की टीम का नेतृत्व अपर महाप्रबंधक अनुराग यादव और प्रबंधक प्रवीण चंद्रा ने किया। अपर महाप्रबंधक श्री यादव ने बताया कि जी आई एल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एम सी बालासुब्रमण्यम के नेतृत्व में संगठन उत्पादों के विकास एवं इनोवेशन को लेकर निरंतर उन्नति के पथ पर अग्रसर है।