न्यू कानपुर सिटी योजना पर केडीए ने 21 किसानों से 1.9 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण की
- शहर के नियोजित विकास और आधुनिक नगरीय विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। मैनावटी मार्ग के पास प्रस्तावित न्यू कानपुर सिटी परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की तेज होती प्रक्रिया को शहर के नियोजित विकास और आधुनिक नगरीय विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना के लिए मंगलवार को प्राधिकरण ने 21 काश्तकारों से लगभग 1.9 हेक्टेयर भूमि अपने पक्ष में क्रय करते हुए 7 करोड़ 51 लाख 77 हजार 300 रुपये की धनराशि के डिमांड ड्राफ्ट वितरित किए।
भूमि बैंक अनुभाग तथा न्यू कानपुर सिटी परियोजना के नोडल अधिकारी उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह की देखरेख में किसानों को सर्किल दर के चार गुना मूल्य पर भुगतान किया गया। न्यू कानपुर सिटी योजना के प्रभारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि अगले तीन दिनों में 19 अन्य काश्तकारों से लगभग 1.7 हेक्टेयर भूमि क्रय करने की कार्यवाही प्रस्तावित है। इसके लिए 4 करोड़ 31 लाख रुपये के डिमांड ड्राफ्ट एवं चेक तैयार कर लिए गए हैं तथा बैनामों के लिए ऑनलाइन टोकन की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि न्यू कानपुर सिटी परियोजना के अंतर्गत अब तक आपसी सहमति के आधार पर बड़ी मात्रा में भूमि क्रय की जा चुकी है, जिसके एवज में किसानों को लगभग 392 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। भूमि का प्रतिफल प्राप्त करने वाले किसानों ने प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सरल बताते हुए प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।इसके साथ ही 55.0709 हेक्टेयर भूमि के अर्जन की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से आगे बढ़ रही है। संबंधित आख्या जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (भूमि अध्याप्ति) द्वारा शासन को भेजी जा चुकी है तथा भूमि अर्जन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्यवाही जारी है।
इस अवसर पर प्राधिकरण के अधिवक्ता धीरज सैनी, अखिल, लिपिक चन्द्रपाल सिंह, अमीन प्रदीप कुमार तथा तहसीलदार रामनाथ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।