यूपी-112 की त्वरित कार्यवाही से बची घायल व्यक्ति की जान
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा हमीरपुर - बिंवार थाना क्षेत्र में यूपी-112 की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से एक गंभीर रूप से घायल अज्ञात व्यक्ति की जान बच गई। समय पर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराए जाने से उसे उपचार मिल सका।जानकारी के अनुसार 1 जून रात करीब 8:30 बजे पीआरवी को सूचना मिली कि थाना बिवार क्षेत्र के बिगहना-मुटनी नहर तिराहा के पास एक अज्ञात व्यक्ति नहर में गिर गया है। सूचना देने वाले जमशेद पुत्र उस्मानी निवासी ग्राम बिगहना ने बताया कि व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और उसके शरीर से रक्तस्राव हो रहा है। सूचना मिलते ही पीआरवी के कमांडर मुख्य आरक्षी कुम्भकरण तथा पायलट होमगार्ड देवेंद्र दुबे तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने नहर में गिरे घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा भेजकर भर्ती कराया। थाना बिवार पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई। यूपी-112 कर्मियों की तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता की क्षेत्रीय नागरिकों ने सराहना की है। इस घटना से यूपी-112 आपातकालीन सेवा के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।