धारदार हथियार से युवक की नृशंस हत्या,मंदिर के पास खून के निशान बने सबूत, जांच शुरू
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर किशनपुर गांव में एक युवक की धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। बड़ी बेटी निशा ने बताया कि बुधवार रात करीब 10:30 बजे पड़ोस में रहने वाली चाची रामदुलारी भागते हुए आई।
बताया कि खून से लथपथ तुम्हारे पापा शिव मंदिर के पास पड़े हुए हैं। हम लोग वहां पर पहुंचे, तो देखा कि पापा की गर्दन कटी हुई थी और अधिक मात्रा में खून बह रहा था। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। परिवार में मां शांति तथा पत्नी किसाना के अलावा तीन बेटी निशा, मनीषा, शगुन और सबसे छोटा बेटा राज है।
कालीशंकर घर के इकलौते थे। बड़े भाई और पिता रामौतार की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। परिजनों ने बताया कि हत्या करने के बाद आरोपी जिस ओर भगा है। वहां तक खून के निशान बने हुए हैं। परिजनों ने पड़ोस में ही रहने वाले एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।