पुलिस भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्र का किया गया निरीक्षण
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आगामी आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक गोयल एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक हमीरपुर द्वारा राजकीय इण्टर कॉलेज, सुमेरपुर स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के प्रवेश-निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने तथा शासन एवं भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग एवं परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई।
पुलिस अधीक्षक द्वारा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतत निगरानी, अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिबंधित एवं इलेक्ट्रॉनिक सामग्री को परीक्षा केंद्र में ले जाने से रोकने हेतु विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
जनपद प्रशासन एवं पुलिस द्वारा भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं तथा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस मौके पर अन्य सम्बन्धित अधिकारी,कर्मचारी गण मौजूद रहे ।