प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता हेतु चयन ट्रायल्स 07 जून को
जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी 08 जून को चित्रकूट में होने वाले मण्डलीय ट्रायल्स में करेंगे प्रतिभाग
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जिला खेल कार्यालय द्वारा प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक एवं बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता हेतु चयन ट्रायल्स की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। यह प्रतियोगिता 10 से 18 जून, 2026 तक स्पोर्ट्स स्टेडियम, सहारनपुर में आयोजित की जाएगी।
उप क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण के अंतर्गत जिला स्तरीय चयन ट्रायल्स 07 जून, 2026 को प्रातः 11:00 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर में आयोजित होंगे। इसमें चयनित खिलाड़ी 08 जून, 2026 को प्रातः 11:00 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, चित्रकूट में आयोजित मण्डल स्तरीय चयन ट्रायल्स में प्रतिभाग करेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्य प्रतियोगिता में सब-जूनियर बालक वर्ग की स्पर्धाएं 10 से 13 जून तथा सब-जूनियर बालिका वर्ग की स्पर्धाएं 15 से 18 जून, 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
जिला खेल कार्यालय ने जनपद के पात्र एवं इच्छुक सब-जूनियर मुक्केबाजों से निर्धारित समय पर ट्रायल्स में प्रतिभाग करने की अपील की है। साथ ही प्रतियोगिता संबंधी सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है, जिससे अधिकाधिक युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हो सके।