एडीजी जोन ने फतेहगढ़ भ्रमण के दौरान महत्वपूर्ण पुलिसिंग संबंधी विषयों की विस्तृत की समीक्षा
श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर द्वारा जनपद फतेहगढ़ भ्रमण दौरान रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी/थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी कर साइबर अपराध, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं, प्रभावी अभियोजन, अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्यवाहियों तथा अन्य महत्वपूर्ण पुलिसिंग संबंधी विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा गोष्ठी के दौरान साइबर अपराधों की रोकथाम एवं त्वरित अनावरण, जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, संवेदनशील प्रकरणों में प्रभावी कार्यवाही, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी चुनौतियों एवं प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को सतर्कता, उत्तरदायित्व एवं समन्वय के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया। तत्पश्चात रिजर्व पुलिस लाइन का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं, कार्यालयों एवं अभिलेखों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, कार्यालयीय कार्यों की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। पुलिस कर्मियों के कल्याण, अनुशासन, प्रशिक्षण एवं कार्यक्षमता को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया। गोष्ठी एवं निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को जनसामान्य की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
|