राठ व गोहाण्ड में वन विभाग ने किया जागरूकता कार्यक्रम, ग्रामीणों से पांच-पांच पौधे लगाने की अपील
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ,हमीरपुर l आगामी वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा राठ एवं गोहाण्ड विकासखंड सभागारों में जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, ग्राम पंचायत सचिवों, रोजगार सेवकों, ग्राम प्रधानों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा ग्रामीणों को वृक्षारोपण के महत्व और उसके लाभों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राठ रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं से बचाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वृक्षों से लोगों को जीवनदायिनी ऑक्सीजन, औषधियां, फल एवं अन्य उपयोगी संसाधन प्राप्त होते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से कम से कम पांच-पांच पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के लिए तालाब, नदी एवं पोखरों के किनारों का चयन करना अधिक उपयोगी होता है, क्योंकि वहां पौधों को पर्याप्त नमी और पानी उपलब्ध हो जाता है, जिससे उनके जीवित रहने की संभावना बढ़ जाती है।बैठक में खंड विकास अधिकारी राठ मनोज कुमार गुप्ता, खंड विकास अधिकारी गोहाण्ड विनोद कुमार पाण्डे, एडीओ, ग्राम पंचायत अधिकारी, सचिव, रोजगार सेवक, ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।