परेड में एसपी ने परखा पुलिस बल का अनुशासन, दंगा नियंत्रण उपकरणों का किया निरीक्षण
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हमीरपुर l पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण कर पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन एवं तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और पुलिस कर्मियों से टोलीवार ड्रिल कराकर अनुशासन एवं एकरूपता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के उद्देश्य से दौड़ भी लगवाई गई। इसके अलावा यूपी-112 की पीआरवी चार पहिया वाहनों, दंगा नियंत्रण उपकरणों तथा संबंधित अभिलेखों की जांच कर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस बल की आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए शस्त्र खोलने और जोड़ने का अभ्यास कराया गया। इस दौरान एंटी-रायट गन, रबर बुलेट, अश्रु गैस एवं ग्रेनेड सहित अन्य उपकरणों का प्रदर्शन कर कर्मियों को विषम परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित किया गया।इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन के आदेश कक्ष में ओआर कर विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण किया और विभागीय प्रकरणों का निस्तारण किया। उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।