पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने विश्व रक्तदाता दिवस पर किया रक्तदान और आमजन को किया प्रेरित
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक द्वारा दीप प्रज्वलित कर, जिला अस्पताल, हमीरपुर स्थित ब्लड बैंक में स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज में मानवता, सेवा एवं परोपकार का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन, युवाओं, सामाजिक संगठनों तथा पुलिस अधिकारियों,कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की।
रक्तदान उपरांत पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है तथा आवश्यकता पड़ने पर केवल मानव द्वारा किया गया रक्तदान ही किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, ऑपरेशन, प्रसूता महिलाओं, थैलेसीमिया एवं अन्य गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को समय-समय पर रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति का नैतिक दायित्व है कि वह नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव जीवन की रक्षा में अपना योगदान दे।
उन्होंने कहा कि रक्तदान एक सुरक्षित एवं सरल प्रक्रिया है, जिससे न केवल जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है, बल्कि समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना भी मजबूत होती है। रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप किया गया रक्तदान पूर्णतः सुरक्षित होता है तथा इससे व्यक्ति के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता।
पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे विशेष अवसरों के साथ-साथ सामान्य दिनों में भी रक्तदान के लिए आगे आएं तथा अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी इस पुनीत कार्य हेतु प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों के जीवन में आशा की नई किरण ला सकता है और किसी परिवार को अपनों से बिछड़ने से बचा सकता है। इस अवसर पर जिला अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा रक्तदान की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने भी रक्तदान के महत्व को समझते हुए आवश्यकता पड़ने पर रक्तदान करने का संकल्प लिया l