प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किश्त जारी, किसानों में उत्साह
*तिलहन मेले में वैज्ञानिकों ने दी प्राकृतिक खेती एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के अंतर्गत लाभार्थी किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु आज पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, हुगली में आयोजित "पीएम किसान उत्सव दिवस" कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा योजना की 23वीं किश्त जारी की गई। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद कानपुर नगर में जनपद, विकास खण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में किसानों द्वारा देखा गया।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन लाल बहादुर शास्त्री सभागार, प्रसार निदेशालय परिसर, चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कानपुर में किया गया। वहीं जनपद के सभी विकास खण्ड मुख्यालयों तथा ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों पर भी कार्यक्रम का प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कृषकों ने सहभागिता की।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मा० विधायक कल्याणपुर श्रीमती नीलिमा कटियार, मा० विधायक किदवई नगर श्री महेश त्रिवेदी, मा० विधायक गोविन्द नगर श्री सुरेन्द्र मैथानी तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष कानपुर-बुन्देलखण्ड श्री प्रकाश पाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिक डॉ० रामजी गुप्ता एवं डॉ० वी०के० त्रिपाठी ने भी सहभागिता की।
इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा तिलहन मेले का आयोजन किया गया। मेले में कृषि वैज्ञानिकों ने कृषकों को तिलहनी फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण तथा कृषि में नवाचार संबंधी जानकारी प्रदान की। साथ ही किसानों को विभागीय योजनाओं एवं कृषि क्षेत्र में उपलब्ध नवीन तकनीकों के बारे में जागरूक किया गया।
उप कृषि निदेशक डॉ० आर०एस० वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाकर उत्पादन एवं आय में वृद्धि करने तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ लगभग 150 प्रगतिशील कृषकों ने सहभागिता की तथा प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।