एडीजी जोन ने बृजेश श्रीवास्तव वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा को किया सम्मानित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस इटावा । अनुपम कुलश्रेष्ठ, अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर द्वारा जनपद इटावा भ्रमण के दौरान बृजेश श्रीवास्तव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, इटावा को उनके कुशल नेतृत्व में इटावा पुलिस द्वारा उत्कृष्ट अपराध अनावरण, त्वरित कार्रवाई एवं स्मार्ट पुलिसिंग के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में इटावा पुलिस ने "यक्ष ऐप (Yaksh App)" के ब्रॉडकास्टिंग फीचर का प्रभावी उपयोग करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर लूट की घटना का सफल अनावरण कर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया तथा लूटी गई धनराशि की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की। इसके अतिरिक्त, चार घंटे के भीतर टप्पेबाजी की घटना का सफल अनावरण करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी गए स्वर्णाभूषण भी बरामद किए गए।इसी क्रम में, अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹15.10 लाख नकद, अवैध असलाह, कारतूस, एक स्कॉर्पियो वाहन तथा चोरी की डीसीएम के पुर्जे बरामद किए गए।इटावा पुलिस की इन उल्लेखनीय उपलब्धियों, प्रभावी अपराध नियंत्रण, त्वरित अनावरण एवं तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग की सराहना करते हुए अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, इटावा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान इटावा पुलिस की पेशेवर कार्यशैली, तकनीकी दक्षता एवं जनसुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
|