जनपद न्यायाधीश, डीएम और एसपी ने किया जिला कारागार का निरीक्षण
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को जिला कारागार हमीरपुर का त्रैमासिक निरीक्षण कर जेल की सुरक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षाकर्मियों की संख्या एवं उनके उपकरणों की जांच की। साथ ही बंदियों की संख्या, स्वास्थ्य स्थिति, आवासीय व्यवस्था और उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली गई। अधिकारियों ने जेल चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, डॉक्टरों एवं दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई की व्यवस्था तथा बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और मात्रा का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा प्रशासनिक अभिलेखों, बंदियों के अधिकारों के संरक्षण और शिक्षा, कौशल विकास एवं पुनर्वास कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने तथा बंदियों के साथ न्यायपूर्ण एवं मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।