भरत तिवारी प्रकरण में सीबीआई जांच की मांग तेज
नव निर्माण सेना भारत ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l भरत तिवारी प्रकरण की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराने की मांग को लेकर सोमवार को बुंदेलखंड नव निर्माण सेना भारत के पदाधिकारियों ने मौदहा तहसील पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। संगठन ने मामले की जांच सीबीआई से कराने सहित दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विनय तिवारी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि इस मामले ने आमजन के बीच न्याय व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में सच्चाई सामने लाने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए प्रकरण की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी जानी चाहिए। संगठन ने मांग की कि जांच में जो भी व्यक्ति या अधिकारी दोषी पाए जाएं, उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जांच प्रक्रिया की उच्चस्तरीय निगरानी हो, उसकी प्रगति समय-समय पर सार्वजनिक की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित तंत्र की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। इस दौरान बजेंद्र गौतम, शिब्बू महाराज, सौरभ तिवारी, ज्ञानचंद द्विवेदी, वेद प्रकाश, मोहित सिंह, सैयद शाहबाज अली, डॉ. मुबीन खान, शाहिद सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।