सांसद ने रेलवे अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक दिसंबर 2027 तक एयरपोर्ट की तर्ज पर तैयार होगा सेंट्रल स्टेशन: सांसद
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। बुधवार को सेंट्रल स्टेशन पर सांसद रमेश अवस्थी ने रेलवे अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। सांसद रमेश अवस्थी ने सेंट्रल स्टेशन पर रेलवे अधिकारियों संग एक घंटे तक बैठक की। 600 करोड़ रुपए की लागत से चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्य का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि दिसंबर 2027 तक एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित होकर तैयार हो जाएगा। इस दौरान अतिक्रमण, सफाई और कुलियों की समस्याओं पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।बैठक के बाद सांसद ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 से प्लेटफॉर्म नंबर-9 तक बने फुटओवर ब्रिज और स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद घंटाघर साइड पर बन रही नई स्टेशन बिल्डिंग का जायजा लिया और रेलवे के सीटीएम आकांक्षु गोविल से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सांसद ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर अतिक्रमण और गंदगी पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई अभियान चलाने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सांसद ने बताया, कि 600 करोड़ रुपए की लागत से सेंट्रल स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है। प्रथम चरण के कार्यों की प्रगति और सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी अधिकारियों से ली गई। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के भीतर परियोजना पूरी करने पर विशेष जोर दिया गया है। बैठक में डिप्टी सीटीएम, एसीएम, डीसीपी ट्रैफिक सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कैंट के पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, विधायक नीलिमा कटियार, जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित, शत्रुराज और अक्षय त्रिवेदी भी शामिल रहे।