वन महोत्सव सप्ताह, पत्रकार वाटिका में 150 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सरीला,हमीरपुर l वन महोत्सव सप्ताह के तहत वन विभाग सरीला की ओर से ग्राम धौहल बुजुर्ग में सार्वजनिक स्थल पर वन विभाग की टीम ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ मिलकर "पत्रकार वाटिका" की स्थापना की गई। इस दौरान पीपल, बरगद, पाकड़, आम, अमरूद, आंवला, मौसमी, बेलपत्र सहित विभिन्न प्रजातियों के करीब 150 पौधों का रोपण किया गया। प्रदेशभर में वन महोत्सव के अंतर्गत वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में उप प्रभागीय वनाधिकारी हमीरपुर आदर्श कुमार सिंह ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। पौधों के संरक्षण में जनसहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रत्येक नागरिक को इसे अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाए तो पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों को भी इसका लाभ मिलेगा। क्योंकि पेड़ पौधे है तो हमारा जीवन है वरना इनके बिना हम सबका जीवन संभव नहीं है। इस अवसर पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष सुशील कुमार लखेरा ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार के.के. द्विवेदी, अमित कुमार शुक्ला, हरिनारायण प्रजापति, शिवबालक अनुरागी, पंकज शर्मा और रविन्द्र सिंह 'रिंकू' सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे। वन विभाग की ओर से वन अधिकारी सरीला अमित कुमार श्रीवास्तव, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी सुरजीत सिंह तथा अन्य वन कर्मियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन महोत्सव सप्ताह के दौरान जिले में विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जा सके।