गंगा टास्क फोर्स के नेतृत्व में वृहद वृक्षारोपण अभियान, वन महोत्सव पर हरियाली का संकल्प -वृक्ष हमारे जीवन का अनमोल आधार -समरजीत सिंह
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | भारतीय सेना की 137 सी ई टी एफ बटालियन टी ए 39 गोरखा राइफल गंगा टास्क फोर्स ने कानपुर के दुर्गावती दुर्गा प्रसाद सनातन धर्म इंटर कॉलेज आज़ाद नगर में वन महोत्सव के तहत वृक्षारोपण अभियान चलाया।इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्या नम्रता सिंह और स्कूल के सभी शिक्षक गण एवं विधार्थी उपस्थित रहे। गंगा टास्क फोर्स के कमान अधिकारी कर्नल रोहित श्रीवास्तव और कानपुर स्थित कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल प्रफुल्लित कुमार वर्मा के दिशा निर्देश पर विगत 7 सालों से गंगा स्वच्छता अभियान,पौधा रोपण, घाटों की गश्त, जागरूकता अभियान निरंतर कर रही है। इस अवसर पर गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार समरजीत सिंह ने संबोधित करते हुए बताया कि आज हम यहाँ वन महोत्सव अभियान के अवसर पर एकत्रित हुए हैं। वन महोत्सव भारत में प्रत्येक वर्ष जुलाई के प्रथम सप्ताह में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। इस अभियान की शुरुआत वर्ष 1950 में तत्कालीन केंद्रीय कृषि मंत्री के. एम. मुंशी द्वारा की गई थी। वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। वे हमें प्राणवायु (ऑक्सीजन), फल, फूल, औषधियाँ, लकड़ी और शुद्ध वातावरण प्रदान करते हैं। यदि पेड़ नहीं होंगे तो जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। आज बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और वनों की कटाई के कारण पर्यावरण गंभीर संकट का सामना कर रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह अधिक से अधिक वृक्ष लगाए और उनकी देखभाल भी करे!केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें बड़ा करना भी हमारी जिम्मेदारी है। यदि हम सभी वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी रक्षा करें, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भारत का निर्माण कर सकते हैं।